मिर्जापुर। शहर में अतिक्रमण की समस्या धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। जिसके चलते लोगों का चलना दूभर हो गया है। इसके कारण जाम रोजाना की समस्या हो गई है। नगर के कई इलाकों में दूकानदारों द्वारा सड़क पर सामान निकाल कर रखे जाने से राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। दूसरी तरफ एसपी ने संयुक्त टीम बनाकर इस दिशा में सख्त कार्रवाई की बात कही है।
नगर में भरुहना से शास्त्री पुल तक और बथुआ से लेकर फतहां तक फैले बाजार में कई स्थान ऐसे हैं जहां रोजाना जाम लगना आम बात है। संगमोहाल, जिला अस्पताल तिराहा, रमईपट्टी चौराहा, तहसील चौराहा, इमामबाड़ा, रोडवेज तिराहा, रतनगंज मार्ग जाम प्वाइंट के रूप में चिह्नित हो चुके हैं। इन इलाकों में दूकानदार अपनी दूकानों से सामान काफी आगे तक निकाल कर रख देते हैं जिससे पटरी नाम की जगह नहीं बचती है। इतना ही नहीं ठेले खोमचे वाले भी सड़क पर दूकानें लगा लेते हैं, जिससे साइकल और बाइक से चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल तिराहे पर ठेले और गुमटियों के अलावा ढेर सारे टेंपो के खड़े होने से जाम की समस्या बरकरार रहती है। उधर रोडवेज बस स्टैंड के पास प्राइवेट वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से आम लोगों को चलने में परेशानी होती है। जिला प्रशासन इस पर कभी कभार ही ध्यान देता है। शहर में इतने यातायात के सिपाही नहीं हैं कि उन्हें सभी जाम प्वाइंटों पर लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने इस समस्या पर कहा कि जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराते हुए सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी के साथ साथ नगरपालिका की संयुक्त टीम बना कर कार्रवाई की जाएगी।