ड्रमंडगंज। न्यायालय के आदेश पर हलिया पुलिस ने बसपा के पूर्व छानबे विधायक के भाई समेत पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सभी पर गांव के एक व्यक्ति की जमीनी विवाद को लेकर हत्या करने के आरोप में है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
हलिया थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव निवासी लाल बहादुर के पुत्र बबलू ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के यहां उसके पिता के हत्यारोपियों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज करने की याचना दाखिल कर गुहार लगाई है। आरोप लगाया कि 29 अगस्त 2015 मेरे पिता लाल बहादुर घर से खाना खा कर पाही सोने गए थे। सुबह होने के बावजूद घर लौटे तो उनकी खोजबीन करने पाही पर पहुंचा। देखा कि वह चारपाई पर वह मृत पड़े थे। यह देेख कर छानबे के पूर्व सूर्यभान के भाई एवं पूर्व प्रधान त्रिभुवन, पूर्व बीडीसी पंचम, रामकिशोर, शेरसी व शिवदेवी द्वारा जमीनी विवाद के चलते उनकी हत्या करने की आशंका जताई।
थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हलिया को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपियों के विरुद्घ हत्या समेत अन्य आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।