नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर छमोहानी नरायनपुर के पास शनिवार को सुबह 11 बजे एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बकरी को कुचलते हुए पुलिया को फांदकर मिठाई के दुकान में घुस गया। इससे अफरातफरी मच गई। ट्रैक्टर की चपेट में आने से दुकान में बैठे तीन लोग घायल हो गए। घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वाराणसी से ट्रैक्टर चुनार की ओर जा रहा था। अदलहाट थाना क्षेत्र के छमोहानी नरायनपुर के पास पहुंचा कि चालक नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू ट्रैक्टर बकरी को कुचलते हुए पुलिया को फादकर विजय प्रजापति की मिठाई की दुकान में घुस गया। इससे दुकान का काउंटर टूट गया और उसमें रखी मिठाइयां नष्ट हो गईं। वहीं, दुकान में बैठे राजाराम (50) पुत्र फौजदार निवासी भरछा नियमताबाद, बैजंयती देवी (60) पत्नी स्व. शिवनाथ प्रजापति समेत तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद ट्रैक्टर चालक बेचूराजभर निवासी कोलउन्द गांव ने फोन कर ट्रैक्टर मालिक तेज सिंह प्रतापपुर गांव निवासी को बुलाया। घटना की जानकारी होने पर नरायनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चालक ने बताया कि स्टेरिंग फेल हो गई थी, जिससे वह ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका था।