कछवां। क्षेत्र के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात एक शिक्षिका के साथ विद्यालय के ही एक शिक्षक द्वारा मंगलवार को छेड़खानी की गई। देर शाम अधिकारियों ने किसी तरह शिक्षक के स्थानांतरण करने का आश्वासन देते हुए शिक्षिका को मनाया। मामला थाने तक भी पहुंचा।
एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय की शिक्षक बुधवार की सुबह विद्यालय पहुंचने की बजाय बीआरसी कार्यालय पहुंची। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को तहरीर देते हुए बताया कि विद्यालय में तैनात एक शिक्षक ने उनके साथ छेड़खानी की। विरोध जताने पर गाली गलौज भी की। उधर इसकी खबर लगते ही भारी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पर पहुंच गए और विद्यालय को बंद कराने लगे। ग्रामीण शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जबतक कोई अधिकारी आकर आरोपी शिक्षक को नहीं हटाने का आश्वासन नहीं देता है तबतक विद्यालय नहीं खुलने देंगे। मामले की जानकारी होते ही खंड शिक्षा अधिकारी और कछवां थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। जहां करीब चार घंटे तक चली मंत्रणा के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामला रफा दफा कर दिया
वर्जन
गांव के प्रधान और शिक्षक का एमडीएम को लेकर विवाद चल रहा है। इसी के चलते मामला बिना कारण उछल रहा है। मामला यहीं समाप्त हो गया है।
बृजेश सिंह
खंड शिक्षा अधिकारी, मझवा ब्लाक
वर्जन
एक विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा किसी शिक्षिका के साथ छेड़खानी करने का मामला प्रकाश में आया था। दोनों को थाने लाया गया लेकिन शिक्षिका किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं चाहती थी। तहरीर नहीं दी गई है। छेड़खानी नहीं होने की बात कही।
विजय प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष कछवां
वर्जन्
शिक्षक द्वारा शिक्षका के साथ कोई छेड़खानी नहीं किया गया है। सारी शरारत गांव के प्रधान की है। वह एमडीएम में गोलमाल करना चाहते है इसी के चलते इस तरह का आरोप लगाया जा रहा है।
प्रवीण तिवारी
बेसिक शिक्षा अधिकारी