मड़िहान। क्षेत्र में एक ही अनुमति पेपर पर दो-दो क्रशर प्लांट चल रहे हैं। भंडारण की अनुमति नहीं होने के बाद भी क्रशर प्लांटों पर क्षमता से अधिक भंडारण किया गया है। इसके अलावा अन्य कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। इसका खुलासा गुरुवार को एसडीएम मड़िहान सविता यादव के नेतृत्व में लगातार दूसरे दिन खनन स्थलों व क्रशर प्लांटों पर की गई छापेमारी के दौरान हुआ।
एसडीएम मड़िहान सविता यादव, तहसीलदार रामजीत मौर्या, खनिज विभाग के राधेश्याम व मड़िहान थानाध्यक्ष के साथ लगातार दूसरे दिन खनन स्थलों को खंगालने पहुंचीं। दूसरे दिन एसडीएम ने क्रशर प्लांटों को खंगाला। चेकिंग के दौरान पाया कि देवरी गांव में एक ही कागज पर दो-दो क्रशर प्लांट चल रहे हैं। इसे देखकर वह हैरान हो गईं। यह भी पाया कि बगैर अनुमति के क्रशर प्लांटों पर क्षमता से अधिक बोल्डरों का भंडारण हो रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए क्षेत्र के सभी क्रशर प्लांट मालिकों को अपने अपने कागजात लेकर कार्यालय में पहुंचने को कहा। कहा कि दो क्रशर और कटर प्लांट मालिक 24 घंटे के अंदर अपने कागजात लेकर उपस्थित नहीं हुए तो उनके खिलाफ अवैध खनन व भंडारण का मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा। सुबह से शाम तक चली इस कार्रवाई से क्रशर प्लांट मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है। उनके गले से पानी तक नहीं उतर रहा है। एसडीएम की इस कार्रवाई से क्रशर प्लांट मालिकों का ब्लड प्रेशर बढ़ गया है।