हलिया। थाना क्षेत्र के सिकटा गांव में मंगलवार की दोपहर कुतुबुद्दीन उर्फ छोटक के मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे 50 हजार रुपये नगदी और गृहस्थी का सारा सामान राख हो गया। साथ ही दो बकरियां झुलसकर मर गईं। छोटक अपने कच्चे घर के सामने पक्के मकान का निर्माण करा रहा था। इसके लिए उसने बैंक से 50 हजार रुपए लोन लिया था, जो घर में रखा हुआ था। इसके अलावा अनाज, कपड़े और बिस्तर समेत गृहस्थी का सारा सामान रखा था। चार बकरियां भी मड़हे के भीतर बंधी हुई थी। दोपहर में वह किसी काम से हलिया बाजार गया हुआ था। इसी बीच शार्ट सर्किट से कच्चे मकान (खपरैल) में आग लग गई। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर जुट गए और आग पर काबू पाने की मशक्कत करने लगे। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मडहे को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे नगदी समेत सारा सामान राख हो गया। साथ ही मड़हे के भीतर बंधी दो बकरियां भी झुलसकर मर गईं।