लालगंज। थाना क्षेत्र के तुलसी गांव के पास रविवार को ट्रक और बाइक के बीच हुए टक्कर में पिता की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन ग्रामीणों के साथ लहंगपुर पहुंचे और लहंगपुर पुलिस चौकी के सामने शव रखकर मिर्जापुर-रीवा मार्ग को जाम कर दिया। जामकर्ता फरार चालक को तत्काल गिरफ्तार कर ट्रक को बरामद करने की मांग करते हुए परिवार को मुआवजा देने की मांग की। करीब दो घंटे तक लगे जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम लालगंज अरविंद चौहान ने परिजनों की मांग को पूरा करने का आश्वासन देते हुए जाम समाप्त कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है।
लालगंज थाना क्षेत्र के तुलसी गांव में मिर्जापुर से मध्य प्रदेश की ओर से जा रही अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतना जोरदार था की बाइक पर सवार पिता रामबली पाल 55 की मौके पर मौत हो गई और बाइक के परखचे उड़ गए।बाइक चला रहे गंभीर रुप से घायल पुत्र संजय 25 को मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। दोनों प्रयागराज जनपद के कोरांव थाना अंतर्गत झुलनी मझिगवां गांव के निवासी थे। रविवार को बाइक से विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के मगरदा कला गांव में स्थित अपने रिश्तेदारी मे जा रहे थे। बाइक को संजय चला रहा था। तुलसी गांव में पहुंचे थे की सामने से आ रहे अज्ञात ट्रक में सामने से टकरा गए थे। ट्रक को चालक लेकर भाग गया। घटना के बाद ग्रामीणो की भीड़ जमा हो गई। हादसे की जानकारी पाकर पहुंचे परिवार के लोगों ने लहंगपुर पुलिस चौकी के शाम करीब छह बजे शव रखकर मिर्जापुर रीवा मार्ग को जाम कर दिया। दो घंटे बाद पहुंचे एसडीएम लालगं के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।