कछवां। थाना क्षेत्र के कटका पड़ाव पर रविवार की रात 10 बजे एंबुलेंस की चपेट में आने से मुर्गी फार्म मालिक की मौत हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने कटका-पड़ाव मार्ग को जाम कर दिया। लोग परिवार को मुआवजा देने एवं चालक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहा। कछवां निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कटका पड़ाव के पास मुनीब पासवान पुत्र स्वर्गीय फूलचंद पासवान (45) वर्ष मुर्गी फार्म खोलकर अपने परिवार चलाते थे। रविवार रात्रि दस बजे मुर्गी फार्म बंद करके घर लौट रहे थे। इसी बीच कटका पड़ाव के पास औराई की तरफ से आ रही तेज रफ्तार 108 नंबर की एंबुलेंस ने मुनीब को टक्कर मार दी। इससे मुनीब की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से नाराज आसपास के लोगों ने दोनों पटरियों पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह और विनोद दुबे ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई और पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर भेज दिया। मृतक मुनीम को छह बेटी और एक बेटा है। छह लड़कियों में मात्र एक की शादी हुई है। पत्नी मीना देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।
पति की मौत के बाद बच्चों के पालन पोषण की चिंता
पति की मौत के बाद अब पत्नी को बच्चों की शादी और पढ़ाई लिखाई कौन कराएगा। इसकी चिंता होने होने लगी। पांचों लड़कियों में सबसे बड़ी रेनू (22), पूनम (17), नीलम (12), नीलू (10), सुमन राठौर (07), अवंतिका (03) तीन वर्ष शामिल है। वहीं, बेटा रोहित (18) वर्ष का है, जो कक्षा 11 में पड़ता है। मुनीब लोगों से ब्याज पर पैसा लेकर मुर्गी फार्म खोला था। इससे अपने परिवार का जीवन यापन करता था।