जिगना। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुई मारपीट में चौदह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत खराब होने पर मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर 151 में चालान करते हुए जेल भेजा है।
गुरुवार रात ग्राम चेहरा में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में एक पक्ष के दो व दूसरे पक्ष के तीन लोगों को चोट आई है। पुलिस ने एक पक्ष के चार लोगों को पकड़कर उनके विरुद्घ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया। काशी सरपत्ती गांव में दो पक्षों में वाद-विवाद के बाद हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। इसमें एक पक्ष के तीन लोगों को गंभीर चोट होने के कारण मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि लक्ष्मी शंकर यादव का लड़का विकास बाइक से जा रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोसी आशीष कुमार पुत्र जयनाथ से लाइट चमकाने को लेकर वाद विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराकर दोनों पक्षों को थाने ला रही थी कि दोनों पक्षों में दोबारा मारपीट होने लगी। इसमें लक्ष्मी शंकर यादव 40 वर्ष और उनका लड़का विकास 17 वर्ष तथा दिनेश कुमार 42 वर्ष पुत्र देवी शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष से शिव सहाय पुत्र केवला 42 वर्ष प्रवीण कुमार पुत्र दयाशंकर 25वर्ष, लालती पत्नी जयनाथ 52वर्ष, आशीष कुमार पुत्र जयनाथ 17 वर्ष को चोटें आईं हैं। पुलिस ने बताया कि दोनो पक्षों ने सात सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया गया है। पुलिस ने एक पक्ष के दो लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग के अंदेशे में जेल भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। ग्राम रतनपुर नरोइया में मूर्ति विसर्जन के दौरान ज्ञान चंद नामक व्यक्ति को मारापीटा था। जिसमें एक पक्ष के छह लोगों को पुलिस ने जेल भेजा है। पुलिस ने मारपीट की इस घटना में 12 अधिक लोगों के विरुद्घ कार्रवाई की।
12 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई, पुलिस ने भेजा जेल