चुनार (मिर्जापुर)। गंगा में मछली मारने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मंगलवार की रात नाव पर ही जमकर मारपीट हो गई। इससे नाराज होकर एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक के डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस रात भर उसकी तलाश में हलकान रही। स्थानीय थाना क्षेत्र के बालूघाट बेलबीर मुहल्ले के दो लोग मंगलवार की रात 10.30 बजे अलग अलग नाव से अपने अपने सहयोगियों के साथ गंगा में मछली मार रहे थे। इसी बीच दोनों पक्षों में एक ही जगह पर मछली मारने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडा चलने लगा। मारपीट के दौरान नाव पर सवार युवक विष्णु साहनी गंगा में कूद गया । काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो साथ के अन्य सहयोगियों को युवक के गंगा में डूबने की आशंका होने लगी। नाव पर सवार लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस गंगा में गिरे हुए युवक की देर रात तक नाव पर सवार होकर तलाश करती रही। इस बीच गंगा में गिरा युवक पानी में तैरकर किला घाट पहुंच गया। युवक के बाहर आने की जानकारी अन्य मछुआरों से पुलिस को मिली तो पुलिस ने राहत की सांस ली। मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। पुलिस ने एक पक्ष के विष्णु साहनी पुत्र बनारसी (30), तेजबली (27)व दूसरे पक्ष के शिवकुमार उर्फ टक्कल (26)पुत्र पंचम के विरूद्ध शान्ति भंग की कार्यवाही करते हुए चालान कर दिया