अहरौरा। अंतिम संस्कार के लिये शव को सोनभद्र से वाराणसी लेकर जा रही बोलेरो को सामने से आ रही ट्रक ने सोमवार को टक्कर मार दिया जिससे बोलेरो सवार 12 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भेजवाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने पांच की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिये वाराणसी रेफर कर दिया। दुर्घटना थाना क्षेत्र के चित्तविश्राम तिराहे पर सोमवार की शाम पांच बजे की है ।
बताते चलें कि सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के सिद्धि गांव निवासी गोपी विश्वकर्मा की मौत हो गई थी। सोमवार को मृतक के परिजन सहित 15 लोग एक बोलेरो पर सवार होकर शव का अंतिम संस्कार करने के लिये वाराणसी के मणिकर्णिका घाट के लिये निकले थे। बोलेरो जैसे ही थाना क्षेत्र के चित्तविश्राम तिराहा के समीप पहुंची कि तभी वाराणसी की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने वाहन मेें टक्कर मार दिया। दुर्घटना में सुरेंद्र (45) ,द्वारिका (70) ,जय प्रकाश (65), काशी (55), नारायण (65) ,धरम पांडेय (50), विजय कुमार (35) , रूपनारायण (32), दीनानाथ (60), सीताराम (43), दीनानाथ विश्वकर्मा (65) ,रवि (40) सभी निवासी राबर्ट्सगंज सोनभद्र घायल हो गए। ट्रक से जोरदार टक्कर लगने की वजह से बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हो गई। बोलेरो में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया गया।