ड्रमंडगंज। क्षेत्र के मिर्जापुर-रीवा मार्ग पर बुधवार की सुबह छह बजे गिट्टी लादकर आ रहा ट्रेलर बड़े मोड़ के पास करीब सौ फीट गहरी खाई में पलट गया। हादसे में चालक और खलासी की मौत हो गई। दोनों मऊ जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने शव की शिनाख्त होने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी। मिर्जापुर-रीवां मार्ग पर मंगलवार को सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। इसमें चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। बुधवार की सुबह मध्य प्रदेश की ओर से आ रहा गिट्टी लदा एक ट्रेलर बड़े मोड़ के पास पहुंचा था। यहां पर पहले से सड़क पर पलटे ट्रक से बचने के चक्कर में ट्रेलर सौ फीट गहरी खाई में पलट गया। हादसे में चालक तथा खलासी की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हलिया विश्वज्योति राय ने शव को निकलवाया। जेब से मिले कागज पर लिखे फोन नंबर से दोनों की शिनाख्त हुई। ट्रेलर चालक उपेंद्र यादव (27) निवासी कचिला, नरायनपुर थाना मधुबन, मऊ और खलासी मोहम्मद आरिफ (25) निवासी करमिला मलिक, थाना घोसी, मऊ बताया गया है। इसके बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक हलिया ने बताया कि ट्रेलर मालिक और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।