अहरौरा । एक किशोर ने सत्यानगंज इलाहाबाद बैंक के पास मंगलवार को एक महिला के बैग पर ब्लेड से हमला कर दिया। महिला के बैग से पैसा जमीन पर गिरता देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ लिया। उसके अन्य दोनों साथियों को भी पुलिस दबोच कर थाने लेकर आई जहां तीनों से पूछताछ की जा रही है ।
जसवा प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कृष्णावती देवी मंगलवार की दोपहर इलाहाबाद बैंक से 22,243 रुपये का चेक भुनाकर रुपये बैग में रखे और वहीं एक महिला से बात करने लगीं । तभी एक किशोर ने उनके बैग को ब्लेड से फाड़ दिया और रुपये जमीन पर गिरने लगे। बैंक में ड्यूटी पर तैनात सिपाही की नजर उस पर पड़ गई। उसने किशोर को पकड़ कर पूछताछ करना शुरू किया तो उसने बताया कि उसके अन्य दो साथी भी दूसरे व्यक्ति को शिकार बनाने की फिराक में हैं। पुलिस ने उनको भी दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों किशोर झांसी के बताए जा रहे हैं। जांच की जा रही है कि कहीं ये किसी ऐसे गिरोह के सदस्य तो नहीं जो नाबालिगों से अपराध करा रही हो।