हलिया। थाना क्षेत्र के अदवा नदी के सुबांव घाट पर शनिवार को महिला का शव मिलने से सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पानी से शव बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों से उसकी शिनाख्त कराई लेकिन कोई उसे पहचान नहीं पाया। पहचान नहीं होने पर शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लएि भेज दिया। ग्रामीणों ने महिला की हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका जताई है। शनिवार को दोपहर सुबांव घाट के अदवा नदी में ग्रामीणों द्वारा शव देखा गया जिसकी सूचना ग्राम प्रधान सुबांव सुरेंद्र नारायण को दी गई। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना हलिया पुलिस को दी। सुचना पर पहुंचे एसएसआई नरेंद्र कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर ग्रामीणों से घंटो पहचान कराने की कोशिश की लेकिन महिला का पहचान नहीं हो पाई। मृतक महिला नदी के किनारे मिली जबकि नदी में पानी का बहाव तो जरूर था लेकिन डूबने लायक पानी नहीं था। मृतका के संबंध में तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त है। एसएसआई नरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं दिखाई दे रहे हैं। पीएम रिपोर्ट आने से इसका खुलासा हो जाएगा। उधर ग्रामीणों ने गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंकने की आशंका जताई।