मड़िहान। पटेहरा चौकी क्षेत्र के पड़रिया गांव में शुक्रवार की देर रात बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर परिजन भिड़ गए। मारपीट में महिला, बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पड़रिया गांव निवासी रोहित पुत्र जगदीश तथा शिवम पुत्र देवबली शुक्रवार को कोचिंग में पढ़ने गए थे। शाम को घर लौटते समय दोनों में विवाद हो गया। उस समय अध्यापक ने मामला शांत करा दिया। बाद में शिवम ने अपने घर वालों को विवाद की बात बताई तो उसके परिजनों ने रोहित की पिटाई कर दी। रोहित रोता हुआ घर गया और मां से पीटने की बात बताई। इसके बाद रोहित के घर वाले शिवम के घर शिकायत करने पहुंचे। शिवम के परिवार के सदस्यों ने शिकायत सुनने की बजाय मारपीट शुरू कर दी। इससे रोहित (16), मनीराम (60), विकास (19), उषा देवी (40), रेखा (30), दुर्गावती (25), और आदित्य (8) घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया। साथ ही पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने देवबली, जटाशंकर और रामकरन को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।