मिर्जापुर। देहात कोतवाली व जिगना थाना क्षेत्र में बुधवार की रात चोरों ने तीन स्थानों पर दरवाजे का ताला तोड़ कर तीन लाख रुपये के सामान चुरा लिये । सुबह घटना की जानकारी होने पर गृहस्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन कर लौट गई। लगातार हो रही चोरी से लोगों में धीरे धीरे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि चोरी से पुलिस लोगों को निजात नहीं दिला पा रही है। देहात कोतवाली क्षेत्र के भरूहना गांव निवासी रिंकू श्रीवास्तव के मकान के दरवाजे में लगे ताला तोड़ कर चोर अंदर घुस गए। पूरे कमरे को खंगालते हुए उसमें रखे लगभग दो लाख रुपये के जेवरात व अन्य सामान चुरा ले गए। भरूहना गांव के ही करिमन गौड़ के मकान में गुुरूवार की रात चोर घुस गए। पूरे कमरे में छानबीन करते हुए उसमें रखा जेवरात व अन्य सामान समेत लगभग 50 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। तीसरी घटना जिगना थाना क्षेत्र के पाली गांव में घटी। जहां चोर नगदी समेत पचास हजार रुपया का सामान चुरा ले गए । पाली गांव में हिंछलाल बिंद के घर में गुरूवार की रात घुसे चोरों ने बाक्स ले जाकर एक किमी दूर अरहर के खेत मे तोड़ा और उसमें रखा 30 हजार रुपया नगद, 15हजार रुपये का चांदी का जेवरात व मोबाइल चुरा ले गए । रात में ही हिंछलाल ने सौ नंबर को फोन करने के बाद सुबह जिगना थाना पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस छानबीन कर रही है ।