हलिया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच करने वाली टीम ने साधन सहकारी समिति के सचिव और आंकिक लिपिक के खिलाफ रात में खाद चोरी करने और राजकीय धन गबन करने का मुकदमा दर्ज किया। साधन सहकारी समिति भटवारी दिघिया में गुरुवार की रात ग्रामीणों ने सचिव पर यूरिया खाद की काला बाजारी करने के सूचना जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को दिया था। इस पर शुक्रवार की दोपहर जांच के लिए उप निदेशक कृषि अशोक उपाध्याय व एआर कोआपरेटिव मित्रसेन वर्मा समिति पर पंहुचकर जांच पड़ताल किया। खाद वित्तरण से संबंधित कागजात की मांग की गई लेकिन आंकिक के अनुपस्थित रहने के कारण कोई अभिलेख नहीं दिखाया गया है। खाद वितरण करने के लिए पीओएस मशीन भी काम नहीं कर रही थी।किसानों से पूछताछ करने के साथ हलिया थाने में पंहुचकर एआर कोआपरेटिव ने खाद गोदाम से रात में सचिव शारदा प्रसाद व लिपिक आंकिक रमाकांत के द्वारा चोरी से खाद की काला बाजारी कर वितरण करने मेें राजकीय धन के गबन का दोषी पाया। इसके बाद सचिव शारदा प्रसाद और लिपिक आंकिक रमाकांत के खिलाफ चोरी और सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज कराया। प्रभारी थानाध्यक्ष मोती सिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।