फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: सभासदों ने सेक्शन इंजीनियर पर लगाया दुर्व्यवहार आरोप, दिया धरना

विज्ञापन
विज्ञापन
चुनार। रेलवे स्टेशन पर सोमवार को कार्यरत सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) द्वारा परिसर में स्थित प्राचीन मंदिर को गिराए जाने व सभासद के पति के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं व सभासदों ने कोतवाली में धरना-प्रदर्शन शुरू किया। धरना शाम को सेक्शन इंजीनियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद समाप्त हुआ।
विज्ञापन

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व के दिनों में इंजीनियर ने परिसर में स्थित हनुमान जी के मंदिर के कुछ हिस्से को बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी की अनुमति के गिरवा दिया था। इसके बाद उसमानपुर के सभासद के पति संजय सोनकर 30 जुलाई को शाम को रेलवे परिसर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर दर्शन-पूजन करने गए थे। आरोप लगाया कि उस दौरान सीनियर सेक्शन इंजीनियर अभिषेक राज ने सभासद के पति को रोककर जाति सूचक शब्दों के साथ अपशब्दों का प्रयोग किया। इस मामले में सभासद के पति ने कोतवाली में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। इस बीच कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज भाजपा सभासदों व कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सुबह करीब नौ बजे कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उधर, सभासदों व कार्यकर्ताओं के धरने पर बैठने की जानकारी मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और धरनारत लोगों से बात कर प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए समझाने लगे, लेकिन कोई बात नहीं बनी। इसके बाद एसडीएम नवनीत सेहारा पहुंचे और उन्होंने भी समझाने का काफी प्रयास किया। प्रदर्शनकारी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस बीच शाम करीब सात बजे अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शिव प्रताप शुक्ल व अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह पहुंचे और धरने पर बैठे भाजपा नेताओं से वार्ता कर मामले की जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। इसके बाद करीब 7:45 बजे धरना समाप्त हुआ। पुलिस उपाधीक्षक उमाशंकर सिंह ने बताया कि सीनियर सेक्सन इंजीनियर के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने तथा एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें