मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के जसोवर गांव से बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए लेकर जाते समय एक समुदाय का झंडा हटाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद मारपीट और पथराव हो गया। पथराव में महिला समेत तीन लोगों को चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसी बीच उधर से जा रहे पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भी भीड़ देख रुक गए और आस-पास के थानों की फोर्स बुलाकर भीड़ हटवाकर लोगों को शांत कराया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। तनाव को देखते हुए मौके पर एक प्लाटून पीएसी और क्यूआरटी तैनात कर दी गई है।
जसोवर गांव के यादव बस्ती में नव युवक दुर्गा पूजा समिति की तरफ से पूजा पंडाल सजाया गया था। बुधवार को दोपहर में विसर्जन के लिए गांव के लोग वाहन पर प्रतिमा रखकर खड़ंजा फाल जा रहे थे। जसोवर गांव और मुख्य सड़क के पास एक मकान से रास्ते में लगे झंडे को हटाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडे चलने और पथराव होने लगा। पथराव में विसर्जन के लिए जा रही सीता देवी (45) पत्नी कमला, उषा (38) पत्नी पप्पू और अभिषेक (21) पुत्र विजय शंकर घायल हो गए। सूचना पर पीआरवी-112 पुलिस पहुंची। परंतु मामला शांत नहीं हो सका। उधर, खड़ंजा फाल की ओर जा रहे पुलिस अधीक्षक भीड़ देखकर रुके और आस-पास के थानों की फोर्स बुलाकर भीड़ को हटवाया। पुलिस अधीक्षक की तत्परता से मामले पर काबू पा लिया गया। मौके पर एडीएम शिव प्रताप शुक्ला, एएसपी सिटी नितेश सिंह, सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी, सीओ सिटी मनोज गुप्ता, शहर, कटरा, देहात कोतवाली और पड़री थाने की पुलिस भी पहुंच गई।
पथराव में घायल सीता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। तनाव को देखते हुए पुलिस मौके से कुछ लोगों को उठाकर ले गई। घटना से गांव के लोगों में नाराजगी है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एक प्लाटून पीएसी और क्यूआरटी तैनात कर दी गई है। सकुशल विसर्जन कराकर पुलिस सुरक्षा में लोगों को गांव ले जाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन का कहना था कि प्रतिमा विसर्जन के लिए जाते समय रास्ते में एक पक्ष के एक झंडे को हटाने को लेकर कुछ लोगों में विवाद हो गया। विवाद होने पर भीड़ एकत्र होने लगी। मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया गया। कुछ लोगों को हल्की चोट लगी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।