मिर्जापुर। जिला मुख्यालय स्थित आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कक्ष में बाढ़ कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा। इसका दूरभाष नंबर 05442-256357 है। यहां इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल सेंटर में तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
यह जानकारी जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने दी। उन्होंने बताया कि एसडीएम भरत लाल सरोज को कंट्रोल रूम का प्रभारी और आपदा विशेषज्ञ अंकुर गुप्ता को सहायक प्रभारी बनाया गया है। कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। उन्होंने बताया कि एसडीएम सदर और चुनार को गंगा के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम व बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि नहर प्रखंड के अधिशासी अभियंता को हर दो घंटे पर गंगा के जलस्तर तथा विभिन्न बांधों से पानी छोड़े जाने की सूचना व्हाट्सग्रुप पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।