मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के पीआरवी में तैनात आरक्षी की डेंगू की चपेट में आने से मंगलवार को रात में लखनऊ के पीजीआई में मौत हो गई। आरक्षी का शव बुधवार को सुबह पुलिस लाइन आने पर राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई। एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने अर्थी को कंधा दिया।
कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के टिकरडीह निवासी आरक्षी राहुल की वर्ष 2018 में भर्ती हुई थी। वे देहात कोतवाली क्षेत्र के पीआरवी-1080 में तैनात थे। बीते 16 अक्तूबर को उनकी तबीयत खराब हुई। तबीयत अत्यधिक खराब हो जाने पर उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार न होने पर राहुल को निजी अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर सरकारी अस्पताल विंध्याचल ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने हालत गंभीर देख आरक्षी को पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। पीजीआई में 17 अक्तूबर की रात साढ़े नौ बजे के करीब राहुल की मौत हो गई। बुधवार को राहुल का शव पुलिस लाइन लाया गया। जहां एसपी अभिनंदन, एएसपी नगर नितेश सिंह व अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राजकीय सम्मान के साथ शोक संवेदना जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। एएसपी नितेश ने बताया कि राहुल के बीमार होने पर उनका प्लेटलेट्स कम हो गया था। जांच कराने पर डेंगू पाजिटिव रिपोर्ट आई थी। डेंगू से उनकी मौत हो गई।