विंध्याचल। प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि देश को लूटने, आतंक फैलाने तथा विभाजन कराने वालों का कांग्रेस ने महिमा मंडन किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान करने वालों का वे सम्मान करते हैं, परंतु कांग्रेस आज भी एक आतंकी संगठन के समर्थन में खड़ी है।
अनिल राजभर शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए आए थे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के बयान भाजपा बताए, आतंकवाद में उन्होंने क्या खोया पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि देश के लिए बलिदान करने वालों का मैं सम्मान करता हूं, परंतु कांग्रेस आज भी एक आतंकी संगठन के समर्थन में खड़ी है। पितृपक्ष में भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की सूची जारी किए जाने पर उन्होंने कहा कि हम किसी भी कार्य का आरंभ पितरों के आह्वान के पश्चात ही करते हैं। कांग्रेस से सनातन की परिभाषा सीखने की आवश्यकता नहीं। कांग्रेस वालों को धर्म और सनातन के विषय कोई जानकारी नहीं है। उन्हें धार्मिक दृष्टिदोष है। इन्ही कारणों से वे देश की जनता से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का एक विधायक है तथा राज्यसभा से कांग्रेस मुक्त हो चुकी है। पांच राज्यों में होने जा रहे चुनाव में भी हम जीत रहे हैं। तीर्थ पुरोहित धीरज मिश्रा ने अनिल राजभर को दर्शन-पूजन कराया। नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, सीओ मंजरी राव सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।