ड्रमंडगंज। लालगंज थाना क्षेत्र के बेलन बरौंधा चौकी अंतर्गत अतरैला राजा ग्राम पंचायत के पंचायत भवन कार्यालय में सोमवार की रात चोरी हो गई। पुलिस को दी गई तहरीर में पंचायत सहायक सत्यनारायण ने बताया है कि मंगलवार की दोपहर बाद पंचायत भवन के आस-पास रहने वाले लोगों ने उनको फोन पर बताया कि उनके कार्यालय का दरवाजा खुला हुआ है। उसके बाद पंचायत सहायक ने तत्काल वहां जाकर देखा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।
कार्यालय के अंदर से कंप्यूटर, मानीटर, प्रिंटर, वाई-फाई, इनवर्टर, बैटरा और सीसीटीवी का पूरा सिस्टम चोरी हो गई थी। तहरीर मिलने के बाद चौकी प्रभारी जयशंकर राय ने मौके की जांच-पड़ताल की। बताया कि जल्द चोरी का खुलासा हो जाएगा। लालगंज थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है।