मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने मंगलवार को लालगंज विकासखंड के मेढरा गांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने निर्माण प्रक्रिया तेज करके 15 दिसंबर तक केंद्र को हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
लालगंज विकास खंड के मेढ़रा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। कार्य में विलंब हो रहा था। इसको गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण 15 दिसंबर तक पूरा कराने की जरूरत है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र को हैंडओवर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा, क्योंकि भवन के अभाव में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विद्यालय भवन में बैठकर कार्य करना पड़ता है। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी शिव नारायण सिंह को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पर नजर बनाए रखें और 15 दिसंबर तक केंद्र को हैंडओवर कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने रामपुर वासित अली गांव में कालीन बनाने के लिए निर्माणाधीन कामन फेसिलिटी सेंटर का भी निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से नाराजगी जताई। साथ ही उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार को निर्देश दिया कि आईआईटी बीएचयू के विशेषज्ञों से संपर्क कर निर्माणाधीन कालीन सेंटर की गुणवत्ता की जांच कराकर रिपोर्ट दें।