थाना समाधान दिवस पर हलिया थाने में लोगों की समस्या सुनती पुलिस। स्रोत- संवाद
मिर्जापुर। जिले के 18 थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिले के 18 थानों में कुल 127 मामले आए। इसमें 10 का निस्तारण हुआ। 11 थानों पर एक भी मामले का निस्तारण नहीं हुआ। अधिकांश मामले भूमि विवाद के आए। इसमें जिगना थाना क्षेत्र के बघेड़ा कला गांव निवासी रमाकांत ने बताया कि वह तीन वर्ष से ज्यादा समय से थाना दिवस तहसील दिवस में शिकायत कर रहा है पर पक्की पैमाइस के बाद भी उनको अपने खेत पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है। आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल व राजस्व निरीक्षक मामले निस्तारण नहीं कर रहे है। हलिया के भटवारी प्रधान राजेश मौर्य व दिघिया प्रधान दिनेश सिंह ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि भटवारी से गोदाम की जगह कम होने का हवाला देते हुए 10 किमी दूर समिति निर्माण की बात को लेकर गांव में ही बनवाने की मांग की है। जिसके लिए जमीन भी उपलब्ध कराने को कहा है। सुईयां कला निवासी केशव प्रसाद ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पुश्तैनी भूमि में मकान बनवाने के दौरान गांव के पांच लोग आवास निर्माण में विरोध कर रहे है। कई बार थाना दिवस तथा तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।