राजगढ़। सोनभद्र एनटीपीसी से कोयला लादकर चुनार की तरफ जा रही मालगाड़ी कपलिंग टूटने से दो भागों में बंट गई। गनीमत थी कि बड़ा हादसा होने से बच गया। कुछ देर बाद कपलिंग जोड़कर मालगाड़ी को रवाना किया गया, परंतु कुछ दूर जाने के बाद फिर कपलिंग टूट गई। इससे काफी देर तक मालगाड़ी रेल लाइन पर खड़ी रही। रेलवे कर्मचारियों ने दोबारा कपलिंग जोड़ने के बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया।
मंगलवार को भोर में तीन बजे सोनभद्र एनटीपीसी से कोयला लादकर चुनार की तरफ जा रही मालगाड़ी खैराही व लूसा रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची थी कि सुबह सात बजे उसकी कपलिंग टूट गई। मालगाड़ी के गार्ड ने वाकी-टाकी से चालक को इसकी सूचना दी। इसके बाद चालक ने मालगाड़ी को पीछे किया। इसके बाद दो भागों में बंटी मालगाड़ी को जोड़ा गया। उधर, लूसा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद सक्तेसगढ़ व लूसा रेलवे स्टेशन के बीच में कोयला लदी मालगाड़ी की कपलिंग दोबारा टूट गई। इससे ट्रेन फिर दो भागों में बंट गई। इससे चोपन-चुनार रेलखंड पर ट्रेनों का आवागमन दो घंटे तक प्रभावित रहा। रेलवे के कर्मचारियों ने सुबह नौ बजे फिर से मालगाड़ी की कपलिंग जोड़कर उसे आगे के लिए रवाना किया गया। गनीमत थी कि दो बार कपलिंग टूटने के बाद भी कोई घटना नहीं हुई। लूसा के स्टेशन मास्टर अभय सिंह ने बताया कि कोयला लेकर चुनार की तरफ जा रही मालगाड़ी दो बार कपलिंग टूटने से दो भागों में बंट गई थी। कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है। मालगाड़ी को कपलिंग को जोड़कर चुनार रवाना कर दिया गया।