मिर्जापुर। सीएमओ कार्यालय के लिपिक पर वित्तीय अनियमितता का आरोप अपर निदेशक (स्वास्थ्य) और सीडीओ की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया गया। निलंबित कर उसे सीएमओ झांसी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। लिपिक पर लगे आरोपों की जांच के लिए अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य प्रयागराज को नामित किया गया है। सीएमओ कार्यालय के लिपिक दीपक पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगने पर आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने एडी स्वास्थ्य और सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस को जांच सौंपी। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त जांच रिपोर्ट महानिदेशालय को उपलब्ध कराया। लिपिक को गंभीर रूप की वित्तीय अनियमितताओं में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निदेशक प्रशासन (चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवाएं) डा. राजा गणपति आर ने निलंबित कर सीएमओ झांसी कार्यालय से संबद्ध कर दिया। उधर, मिर्जापुर सेवा समिति के संयोजक दिलीप सिंह गहरवार ने नगर के रमईपट्टी स्थित एक लान में पत्रकार वार्ता कर बताया कि लिपिक के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत उनके द्वारा की गई थी। इसमें कार्रवाई की गई है। दिलीप गहरवार ने कहा कि सीएमओ कार्यालय के कई लिपिक भ्रष्टाचार में लिप्त है। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।