मिर्जापुर। शारदीय नवरात्र मेला के दौरान अष्टभुजा स्थित गेरुआ तालाब के आसपास गंदगी दिखने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सोमवार को वहां तैनात सफाई कर्मचारी को निलंबित कर दिया।
शारदीय नवरात्र मेला के दूसरे दिन सोमवार को जिला पंचायत राज अधिकारी कुरेंद्र पाल ने अमरावती, कालीखोह, अष्टभुजा मंदिर के नीचे तथा अष्टभुजा पहाड़ पर मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान गेरुआ तालाब के आसपास गंदगी दिखी। उन्होंने वहां साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर सफाईकर्मी यज्ञ नारायण पांडेय को निलंबित कर दिया। डीपीआरओ ने सभी सेक्टर व नोडल अधिकारियों को क्षेत्र का भ्रमण कर साफ-सफाई पर नजर रखने का निर्देश दिया। डीपीआरओ ने कहा कि जिस क्षेत्र में गंदगी पाई जाएगी, वहां के सेक्टर व नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।