जिगना। ट्रेन की चपेट में आने से पिता की मौत के बाद चार नाबालिग बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। जिगना रेलवे स्टेशन से पश्चिम ओवरब्रिज के पास बुधवार की शाम शौच के लिए जाते समय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई थी। चड़ेरू चौकठा गांव निवासी सुशील कुमार उर्फ नन्हे सरोज (35) पुत्र स्व. श्रीधर बुधवार की शाम करीब सवा सात बजे घर से शौच के लिए रेलवे लाइन की ओर निकले थे। इस बीच अप लाइन पर आ रही महाबोधी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई है। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर हुई थी। पत्नी अंजली, पुत्री रागिनी (12), अनुराधा (6), पुत्र अंश (10) व अंकुश (5) सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सुशील तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते थे।