लालगंज में नाले पर रखे बिजली के खंभे से होकर प्राथमिक विद्यालय बरकछ जाते बच्चे्, स्रोत संवाद
लालगंज। बरकछ गांव के नौनिहालों को स्कूल तक पहुंचने में संघर्ष करना पड़ता है। महुलार के मजरा बरकछ गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं है। दस साल पहले बने इस विद्यालय तक पहुंचने के लिए आज तक रास्ता नहीं बनाया गया। गांव की शिवकुमारी मौर्य ने बताया कि मुख्य मार्ग से विद्यालय की दूरी दो सौ मीटर है। सड़क नहीं होने के कारण बच्चों और शिक्षकों को खेतों से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। विद्यालय में दो शिक्षक तैनात हैं। 60 बच्चे नामांकित हैं। बीईओ शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय के शिक्षकों ने ग्राम प्रधान से सड़क निर्माण कराने की मांग की है। प्रस्ताव अभी तक ग्राम पंचायत की कार्ययोजना में शामिल नहीं किया गया था। एडीओ पंचायत अजय शंकर ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिल गई है। अगले सप्ताह से काम शुरू होगा। ग्राम पंचायत सचिव महेंद्र माली ने बताया कि विद्यालय तक जाने के लिए दो दिशाओं से सड़क निर्माण का इस्टीमेट तैयार कर लिया गया है।