हलिया। थाना क्षेत्र के मटिहरा गांव में घर से 500 मीटर दूर शनिवार की रात एक किराना की दुकान के सामने रखे तखत पर युवक अचेत अवस्था में मिला। जानकारी होने पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मटिहरा गांव निवासी पुन्नवासी कोल (39) शनिवार की रात आठ बजे के करीब गांव के हीरालाल यादव के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। वहां से वापस आने पर घर से करीब 500 मीटर दूर मेवालाल की किराना की दुकान के सामने रखे तखत पर लेट गए। युवक की पत्नी उर्मिला पति के घर नहीं आने पर खोजबीन करने लगीं। ग्रामीणों ने बताया कि पुन्नवासी किराना की दुकान के सामने तखत पर लेटे हुए हैं। पत्नी व परिवार के लोग किराना की दुकान पर पहुंचे। अचेत अवस्था में पड़े देख परिजन पुन्नवासी को देर रात एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। जहां चिकित्सक विवेक खरे ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुन्नवासी से दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इनमें से एक पुत्री की शादी हो गई है। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी मतवार रविप्रकाश ने जांच पड़ताल कर युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। घटना की जांच की जा रही है।