मिर्जापुर। विधानसभा छानबे उप निर्वाचन की मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। राजकीय पालीटेक्निक बथुआ में शनिवार को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी शुक्रवार को मतगणना स्थल पर पहुंच कर हुई तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारी/ जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया मतगणना का कार्य शुक्रवार को सुबह आठ बजे से चौदह टेबलों पर मतगणना कराई जाएगी। मतगणना परिसर में मतगणना में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों के अतिरिक्त उम्मीदवारों, निर्वाचन अभिकर्ता व मतगणना अभिकर्ता को ही प्रवेश दिया जाएगा। राजकीय पालिटेक्निक कालेज, बथुआ गेट नं 1 से मतगणना कार्मिक एवं मीडियाकर्मी प्रवेश करेंगे। गेट नं.2 से प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता व मतगणना अभिकर्ता पैदल मतगणना हाल जा सकते हैं। गेट नं-3 से प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता व मतगणना अभिकर्ता अपने वाहनों की पार्किंग कर सकते हैं। मतगणना में योजित अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्वाचन के लिए निर्गत पास तथा उनके निर्वाचन ड्यूटी आदेश के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। उम्मीदवारों/प्रत्याशियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी आई डी कार्ड के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना परिसर में रिटर्निंग अधिकारी व 2 मतगणना सुपरवाइजर (ईटीपीबीएस) के अतिरिक्त अन्य किसी को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। एक गणना टेबिल पर एक समय में उम्मीदवार, उसके निर्वाचन अभिकर्ता और मतगणना अभिकर्ता में से केवल एक ही व्यक्ति अनुमन्य होगा।