मिर्जापुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के 1106 लाभार्थियों को मंगलवार को गृह प्रवेश कार्यक्रम के तहत आवास स्वीकृति का प्रमाणपत्र व चाबी वितरित किया गया। कलेक्ट्रेट में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के भुवनेश्वर में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने प्रधानमंत्री आवास शहरी के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर गृह प्रवेश कराया। जिले के सभी निकायों में पिछले छह माह में पूर्ण 1106 आवासों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इनमें मिर्जापुर में 625, नगर पालिका चुनार में 195, नगर पालिका अहरौरा में 215 तथा नगर पंचायत कछवां में 71 लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया गया। चुनार में विधायक अनुराग सिंह, नगर पालिका अहरौरा में अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी तथा नगर पंचायत कछवां में नगर पंचायत अध्यक्ष मिताली जायसवाल ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर गृह प्रवेश कराया। इस दौरान एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, एसडीएम भरत लाल सरोज भी मौजूद रहे। चुनार में मंगलवार को आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। नगर पालिका से होकर विधायक नरायनपुर ब्लाॅक सभागार पहुंचे और वहां उन्होंने आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी व प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी राजपति बैस, भाजपा नगर अध्यक्ष चंद्रहास गुप्ता, सभासद किशन मोदनवाल, पूर्व सभासद ज्योति प्रकाश सिंह, अभिलाष राय आदि मौजूद रहे।