मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट से रविवार को निकली मतदाता जागरूकता रैली को सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट से शुरू होकर विकास भवन तक पहुंची। रैली में केबी काॅलेज, बिनानी काॅलेज, बसंत इंटर काॅलेज के एनसीसी के कैडेट्स शामिल रहे।
सीडीओ ने जिन लोगों की आयु 18 साल पूरी हो गई है, उन्हें लोकसभा चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मताधिकार के प्रयोग के लिए आवश्यक है कि वे सर्वप्रथम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उनके नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें। यह भी कहा कि लोग खुद भी संबंधित बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम अवश्य सूची में शामिल कराना सुनिश्चित कर लें। उन्होंने बताया कि सभी बीएलओ रविवार को भी बूथ पर बैठे हैं। इस समय मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। ऐसे लोग जिनकी आयु 18 साल पूरी हो गई है, वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराएं।