विंध्याचल। चैत्र नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं पर सीसी कैमरे के माध्यम से नजर रखी जाएगी। शनिवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी प्रवेश द्वारों के अलावा चप्पे-चप्पे पर सीसी कैमरे लगवाने का निर्देश दिया।
इंट्रेंस प्लाजा के दूसरे तल पर एडमिन रूम, पुलिस कंट्रोल रूम, पुलिस के लिए मीटिंग हाल तथा पक्का घाट की तरफ दूसरे तल पर मुंडन स्थल के लिए जगह निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पुरानी वीआईपी मार्ग की तरफ लगे लिफ्ट से वीआईपी लोगों के लिए ऊपर विश्राम स्थल और वाॅश रूम आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने हवन कुंड के अलावा पुरोहितों के लिए पाठ करने तथा नीचे हवन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को विंध्य कॉरिडोर की छत और नीचे ग्राउंड फ्लोर पर स्वाचिलत मशीनों का उपयोग कर यथाशीघ्र साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य में जो भी खर्च आए, उसका स्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराएं। उन्होंने यात्रियों तथा किसी और के साथ कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए दूसरे तल तथा ऊपर से नीचे तक खुले स्थानों को बंद कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विंध्य कॉरिडोर के नीचे पक्का घाट मंदिर से दाईं तरफ दर्शनार्थियों के जूता-चप्पल रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसी तरह अन्य प्रमुख गेटों के पास भी इस तरह की व्यवस्था करने को कहा। मंदिर पर चढ़ने के लिए जगह-जगह क्षतिग्रस्त सीढ़ियोंं को देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई तथा अधिकारियों को तत्काल मरम्मत करने का निर्देश दिया। मंदिर पहुंचने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर भीड़ न हो, इसके लिए अलग-अलग कतार लगवाने की हिदायत दी। दुर्गा मंदिर की तरफ लगी रेलिंग के नुकीले बोल्ट को ठीक कराने का भी निर्देश दिया।