विंध्याचल। थाना क्षेत्र के प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर अकोढ़ी गांव में गौरी शंकर मंदिर के पास स्थित कुएं में हत्या कर फेंके गए शव मिलने के मामले में पुलिस सीसी कैमरे की फुटेज की छानबीन कर रही है। शव की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस सोशल मीडिया का सहारा ले रही है।
महाशिवरात्रि के दिन बीते आठ मार्च को शाम को कुछ युवक गौरी शंकर मंदिर के पास स्थित कुएं के जगत पर ठंडई बना रहे थे। इस दौरान कुएं से दुर्गंध आने लगी। शव होने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कटिया डालकर प्लास्टिक में लिपटे शव को बाहर निकाला। प्लास्टिक को काटा गया तो बोरे के अंदर युवक का शव मिला। शव फुल गया था। सिर कूंचा हुआ लग रहा था। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सिर कूंचकर हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर प्लास्टिक में लपेटकर कुएं में फेंक दिया होगा। रात में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एएसपी सिटी नितेश सिंह डॉग स्क्वाॅड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए टीम भी गठित की। पुलिस और एसओजी की टीम आस-पास स्थित सीसी कैमरे की जांच कर रही है। ताकि इस मामले में कुछ जानकारी मिल सके। पुलिस शव की फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश भी कर रही है। विंध्याचल थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि सीसी कैमरे के फुटेज से मामले की छानबीन की जा रही है।