मिर्जापुर। सीबीएसई की समय सारिणी जारी होने के बाद अब प्री बोर्ड की परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। नौ जनवरी से प्री बोर्ड की परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके लिए मिर्जापुर और भदोही जिले में कुल 14 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 11593 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिले के सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों में एक प्री बोर्ड की परीक्षा हो चुकी है। दूसरा प्री बोर्ड नौ जनवरी से प्रस्तावित है। सीबीएसई की सिटी कोआर्डिनेटर व डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य कंचन श्रीवास्तव ने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षा के माध्यम से परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा का अभ्यास कराया जाता है। यदि उसमें कोई त्रुटि होती है तो उसके बारे में उनको जानकारी दी जाती है ताकि वे मुख्य परीक्षा में उस गलती को न दोहराएं। इससे उनके पाठ्यक्रम का पूरा दोहराव भी हो जाता है। लायंस स्कूल के प्रधानाचार्य डा. एनके पांडेय ने बताया कि उनके विद्यालय में प्री बोर्ड की परीक्षाएं 12 जनवरी से प्रस्तावित है। इस बार मिर्जापुर के नौ केंद्रों पर 10वीं व 12 वीं की परीक्षा में कुल 7571 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें 10वीं में 4290 व 12वीं में 3281 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी प्रकार भदोही के छह केंद्रों पर 4021 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें 10वीं में 2314 व 12वीं में 1707 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार 10वीं में कुल 6604 परीक्षार्थी व 12 वीं में 4988 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरा व वायस रिकार्डर की निगरानी में होंगी। सीबीएसई ने उन्हीं विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया है जहां पर सीसीटीवी कैमरा व वायस रिकार्डर की सुविधा उपलब्ध है। समय सारिणी के अनुसार 15 फरवरी 2024 से सीबीएसई की दोनों परीक्षाएं शुरू हो जाएगी और 12वीं की दो अप्रैल 2024 तक चलेगी तथा दसवीं की 16 मार्च तक ही समाप्त हो जाएगी। 12वीं की परीक्षा में विज्ञान वर्ग की परीक्षाएं जल्दी-जल्दी हैं जबकि कला वर्ग की परीक्षाएं देर में हैं।