थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव निवासी सेना से सेवानिवृत्त श्रीनिवास भारती के घर का ताला काटकर चोरों ने नकदी, जेवरात और कीमती साड़ियों समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के समय घर में कोई नहीं था। श्रीनिवास भारती ने बताया कि वह वाराणसी के सुंदरपुर में रहकर बीएचयू में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। बुधवार दोपहर करसड़ा गांव के पड़ोसियों ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचे। घर के मुख्य द्वार समेत सभी कमरों के ताले कटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नकद, सोने की सिकड़ी, अंगूठी, कनफूल और मांगटीका के अलावा करीब 20 कीमती साड़ियां एक ट्रॉली बैग में भरकर ले गए। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। श्रीनिवास के अनुसार, करसड़ा स्थित घर पर कोई नहीं रहता है। परिवार के सभी सदस्य वाराणसी में रहते हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद पुलिस रात करीब नौ बजे मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद लौट गई। कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि उन्हें अभी घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।