मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सोहता अड्डा में जमीन संबंधी विवाद में गोली चलने के मामले में 50 घंटे बीतने के बाद पुलिस अब तक मुकदमा दर्ज नहीं कर सकी है। पीड़ित की पत्नी कई बार थाने गई, परंतु अभी तक पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। चर्चा है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, परंतु राजनीतिक दबाव के चलते इस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के पुरानी अंजही निवासी उदय मालवीय (50) पहले पूर्व विधायक स्व. रामचंद्र मौर्य के लिए काम करते थे। विवाद के चलते उदय मालवीय को कामकाज से हटा दिया गया। इसके बाद उदय मालवीय रामचंद्र मौर्या के भाई राम सजीवन के लिए काम करने लगे। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सोहता अड्डा के पास साढ़े 10 बिस्वा भूमि पर पूर्व विधायक का पारिवारिक विवाद चला आ रहा है। बीते सोमवार को दोपहर में सोहता अड्ढा आए एक नकाबपोश ने उदय को गोली मारकर घायल कर दिया। उदय का ट्रामा सेंटर वाराणसी में इलाज हो रहा है। उदय ने पूर्व विधायक के पति पर गोली चलवाने का आरोप लगाया था। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस भी फूंक-फूंक आगे कदम बढ़ा रही है। पुलिस लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इनमें से एक को मुख्य आरोपी बनाकर आपसी रंजिश की घटना का खुलासा करने की तैयारी कर रही है। कटरा कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि घायल उदय के स्वास्थ्य में सुधार है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं है। बृहस्पतिवार को हमले में घायल डिस्चार्ज हो जाएगा। उससे पूछताछ करने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। एएसपी सिटी नितेश सिंह का कहना है कि अभी मुकदमा दर्ज नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।