मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सबरी मोहल्ले में कार की टक्कर के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर शुक्रवार की रात को मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान हमला कर दिया था। मामले में पुलिस ने हमला करने वाले 20 अज्ञात पर बलवा और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मारपीट में शामिल स्कार्पियों और हमलावरो की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है। देहात कोतवाली के बरकछा निवासी ताराचंद जायसवाल अपने दो पुत्र अमोल जायसवाल और रितिक जायसवाल के साथ बनारस से नई कार लेकर आ रहे थे। रास्ते में कटरा कोतवाली के सबरी के बाद दूसरी कार से टक्कर हो गई। विवाद होने पर मारपीट हो गई। पिता पुत्र दूसरे पक्ष के कार की चाभी और मोबाइल लेकर कटरा कोतवाली पहुंचे। मारपीट में चोटे होने के कारण पुलिस ने उनको अस्पताल भेजा। अस्पताल में पिता-पुत्र उपचार करा रहे थे कि दूसरा पक्ष मोबाइल और चाभी लेने अस्पताल आया और उन पर हमला कर दिया। ईट से हमला कर रितिक को घायल किया। अस्पताल चौकी पुलिस आई, पर वे भी उनके आगे बेबस रही। इसके बाद अन्य थाने की फोर्स आई, इसके बाद भी लोग झुंड में हमला करने आए। पुलिस के खदेड़ने पर गए। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद ताराचंद जायसवाल ने कटरा कोतवाली में तहरीर दिया। कटरा कोतवाल ने बताया कि ताराचंद की तहरीर पर 20 अज्ञात पर बलवा और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।