अहरौरा। पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव निवासी भाई की तहरीर पर बहन को बहलाकर भगा ले जाने के मामले में आरोपी युवक के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज किया। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपी युवक व किशोरी की तलाश में जुटी है।
बीते 28 अप्रैल को थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी अपने घर के पास मौजूद थी। तभी पड़ोस में रहने वाला आरोपी युवक उसके पास आया और उसे बहलाकर अपने साथ ले गया। इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हुई। घर के लोग उसकी तलाश में इधर-उधर भटकते रहे, परंतु पता नहीं चला। थानाध्यक्ष कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि सोमवार को किशोरी के भाई ने नामजद तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सर्विलांस की मदद से दोनों की तलाश कराई जा रही है।