जिगना। थाना क्षेत्र के बौड़ई गांव में रविवार की रात बरात में चुनावी चर्चा को लेकर विवाद होने पर कुछ लोगों ने अपना दल एस के पदाधिकारी और एक अन्य व्यक्ति की पिटाई की पिटाई कर दी। बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। पीड़ित ने जिगना थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
जिगना थाना क्षेत्र के रुदईपुर गांव से बौड़ई में रविवार की शाम बरात गई थी। उसी बरात में भानु प्रताप बिंद (58) निवासी बागजोरावर तथा प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के अखरी शाहपुर गांव निवासी मुकेश कुमार (19) शामिल होने गए थे। भानु प्रताप अपना दल एस के पदाधिकारी हैं। आरोप है कि बरात में शामिल रुदईपुर गांव निवासी त्रिवेणी प्रसाद, संजय कुमार, मनोज कुमार आदि से राजनीतिक चर्चा तथा चुनाव को लेकर बहस होने लगी। कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ने पर लोगों ने अपना दल एस के पदाधिकारी भानु प्रताप और मुकेश कुमार की पिटाई कर बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। रविवार की रात सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत करा दिया। सोमवार को सुबह जिगना थाने में भानु प्रताप ने तीन नामजद तथा तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि तीन नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।