पटेहरा। स्थानीय विकास खंड के राहकला में आवास आवंटन में गड़बड़ी का मामला सामने आने पर परियोजना निदेशक अजय प्रताप के निर्देश पर बुधवार को बीडीओ वीर भानु सिंह ने ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ संतनगर थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
बीते 26 फरवरी को विकास कार्यों और आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर परियोजना निदेशक ब्लाॅक कार्यालय से बाहर निकले ही थे कि उसी बीच एक दिव्यांग व्यक्ति अधिकारियों के पहुंचकर आवास की मांग कर बैठा। परियोजना निदेशक ने जब आवास योजना के लाभार्थियों की सूची पढ़ी तो उसमें कई अपात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिए जाने की बात सामने आई। परियोजना निदेशक संबंधित पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाते हुए जांच के लिए अधिकारियों संग संबंधित गांव पहुंच गए। उन्होंने एक-एक कर आवास योजना के लाभार्थियों की जांच की तो कई और अपात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिए जाने का मामला सामने आया। एक माह बाद बीडीओ वीर भानु सिंह ने परियोजना निदेशक के निर्देश पर पंचायत सचिव के खिलाफ संतनगर थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया की बीडीओ की तहरीर पर पंचायत सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।