राजगढ़। विकासखंड क्षेत्र में संचालित कोटे की दुकानों पर मृतक कार्डधारकों के नाम पर राशन उठाकर कालाबाजारी करने का लोगों ने आरोप लगाया है। भीटी गांव निवासी शशिकर की ओर से जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर गांव के कोटेदार पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। आरोप है कि कार्ड तीजवा पत्नी अर्जुन की मौत लगभग एक वर्ष पूर्व ही हो चुकी है। परंतु उसके नाम पर अभी भी अनाज दिया जा रहा है। वहीं, मार्च माह शासन द्वारा निर्गत चना का वितरण भी अन्त्योदय कार्ड धारकों में नही किया गया। जिसकी शिकायत पहले भी कार्ड धारकों की ओर से लिखित तौर पर संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए उपजिलाधिकारी मडि़हान की ओर से नोटिस जारी कर कोटेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है।