अदलहाट। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर स्थित समदपुर पेट्रोल पंप के पास शनिवार की शाम कार की टक्कर से स्कूटी सवार साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए नरायनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल का इलाज चल रहा है।
चंदौली जिले के सिकटियां गांव निवासी केशनाथ पटेल (48) शनिवार की सुबह अपनी स्कूटी से खेमई बरी अपने ससुराल आए थे। वहां से अपने साले राजेश कुमार पटेल (56) को स्कूटी पर बैठाकर सोनवर्षा गांव अपनी पुत्री के यहां गए थे। वहां से शाम को अपने गांव लौटते समय रास्ते में समदपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सोनभद्र से वाराणसी की ओर जा रही कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठे साले राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे केशनाथ पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पुलिस ने नरायनपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने फत्तेपुर टोल प्लाजा से कार को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि कार से स्कूटी में टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।