लालगंज। थाना क्षेत्र चेरुइराम के पास शुक्रवार की रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा व साला गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने हादसे में घायल साले को मृत घोषित दिया और जीजा को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में जीजा की भी मौत हो गई। जीजा-साले की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
नरैना कला गांव निवासी कृष्ण मुरारी उर्फ कल्लू (23) पुत्र लल्लू अपने साले अनिल (20) निवासी बबुरा कला थाना हलिया के साथ शुक्रवार की रात लालगंज थाना क्षेत्र के बनवारी का गांव दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे थे। दोनों लालगंज थाना क्षेत्र के चेरुईराम गांव के पास पहुंचे थे कि किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस हादसे में जीजा व साला गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। जहां से दोनों को मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डाॅक्टर ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। साथ ही गंभीर रूप से घायल कृष्ण मुरारी को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाते समय कृष्ण मुरारी की भी रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस आ गए। हादसे में जीजा व साले की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बीते 10 मई को ही कृष्ण मुरारी की शादी हुई थी। शादी में खरीदी गई बाइक से साले को लेकर शादी में जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज थानाध्यक्ष ज्ञानु प्रिया ने बताया कि हादसे में जीजा व साला की मौत हुई है। हादसा कर फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।