पड़री। वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुखुली गांव के पास रविवार को देर रात किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार जीजा और साला घायल हो गए। टक्कर लगने से जीजा दूर जा गिरे। साला बाइक में फंसकर घसीटता चला गया। इसी बीच बाइक में आग लग गई। आग लगने से साला उसकी चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। फायर ब्रिगेड की मदद से बाइक में लगी आग पर काबू किया गया। हादसे में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई।
ड्रमंडगंज थाने के मड़वा धनावल गांव निवासी रामप्रकाश शुक्ला (28) अपने साला रोहित दुबे (23) के साथ रविवार को अपनी मौसी के घर देवरी गांव गए थे। वहां से दोनों चुनार चले गए। देर रात घर लौटते समय रास्ते में गुरुखुली गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में रामप्रकाश सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में उनका हाथ व पैर टूट गया। बाइक वाहन में फंस गया। इससे साला रोहित बाइक फंसकर घसीटता चला गया। इसी बीच बाइक में आग लग गई। बाइक में फंसे रोहित के शरीर का आधे से ज्यादा हिस्सा जल गया। पेट्रोलिंग कर रही पड़री पुलिस ने हाईवे पर बाइक में आग लगा देख मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड बुलाकर बाइक में लगी आग पर काबू किया गया। इस हादसे में रोहित की मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल रामप्रकाश को इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर भेजा गया। थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि रविवार को देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृत व्यक्ति के परिजनों की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।