हलिया। थाना क्षेत्र के मनिगढ़ा गांव के पास बृहस्पतिवार को दोपहर में बाइक की सर्विस कराकर घर लौट रहा युवक वाहन अनियंत्रित होने पर सड़क पर गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस से उसे हलिया पीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। युवक की बहन की 19 अप्रैल को शादी है। बहन की शादी से पहले ही भाई की हादसे में मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पोखरा मुड़पेली गांव निवासी कुंजलाल गौड़ का 28 वर्षीय पुत्र जगत सिंह गौड़ अपनी बाइक लेकर देवरी बाजार सर्विस कराने गया था। दोपहर में सर्विस कराकर घर लौट रहा था। रास्ते में हलिया-देवरी मार्ग पर पावर हाउस के पास मनिगढ़ा गांव के सामने बाइक अनियंत्रित होने पर सड़क पर गिर गया। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस से उसे पीएचसी हलिया ले गए। जहां डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना पर पत्नी सुनीता का रो-रोकर हाल बेहाल है। जगत की तीन साल पहले शादी हुई थी। दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बहन की शादी भी 19 अप्रैल को तय है। पिता के साथ मजदूरी कर आजीविका चलाता था। मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना पर पहुंचे देवरी चौकी प्रभारी अजय मिश्रा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि बाइक से असंतुलित होकर गिरने से युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।