अदलहाट। थाना क्षेत्र के बिसौरा खुर्द गांव में शुक्रवार की रात सिवान में लगी डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा संदिग्ध परिस्थितियों में टूट गई। शनिवार की सुबह ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नई मूर्ति लगवाकर मामला शांत कराया। पुलिस के मुताबिक रात में किसी जानवर की रगड़ से प्रतिमा टूट गई। क्षेत्र के बिसौरा खुर्द गांव में 11 विस्वा आवंटित आंबेडकर पार्क में 14 अप्रैल को चार फीट की आंबेडकर प्रतिमा लगाई गई थी। शुक्रवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में प्रतिमा टूट गई। सुबह जब उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा तो प्रतिमा टूटने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से दूसरी प्रतिमा लगवाने की मांग की। इस पर प्रभारी निरीक्षक ने दो घंटे के अंदर अहरौरा से आंबेडकर प्रतिमा लाकर स्थापित कराया। जिससे ग्रामीण संतुष्ट हुए। थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि किसी जंगली जानवर के रगड़ने से प्रतिमा के टूटने का अंदेशा है। ग्रामीणों की मांग पर तत्काल दूसरी प्रतिमा लगाई गई है।