जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन बी पैक्स साधन सहकारी समिति अध्यक्ष व अन्य।- सोशल मीडिया।
मिर्जापुर। बी. पैक्स रामपुर खोमर मैना समिति में सरकारी दर से अधिक दाम पर खाद बेचने का आरोप मढ़ते हुए सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। बी पैक्स अध्यक्ष ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और संबंधित सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बी.पैक्स के अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल ने आरोप लगाया कि किसानों की शिकायत पर सचिव के विरुद्ध एसडीएम लालगंज द्वारा सचिव के स्थानांतरण आदेश का अनुपालन न कर उन्हें बचाया जा रहा है। बी.पैक्स के अध्यक्ष ने कहा बिचौलियों से रात में धान उतरवाने का वीडियो वायरल होने पर एसडीएम लालगंज ने स्थानांतरण करने का आदेश दिया था। इसके बावजूद सचिव पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अध्यक्ष ने कहा सचिव का स्थानांतरण न होने से किसानों में नाराजगी है। डीएम को संबोधित ज्ञापन में बी पैक्स अध्यक्ष ने सचिव के मामलों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए तत्काल हटाए जाने की मांग की।